दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान की राजकीय यात्रा से लौटने के बाद सीधे दिल्ली स्थित LNJP अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट में घायल लोगों का हाल जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। पीएम मोदी ने अस्पताल के डॉक्टरों और अधिकारियों से घायलों के उपचार संबंधी जानकारी ली और मरीजों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल का रुख किया और वहां मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। अस्पताल में वर्तमान में 20 से अधिक घायलों का इलाज जारी है। इस धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है।
सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास का इलाका दहल गया और अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। दिल्ली और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
भूटान से लौटते ही प्रधानमंत्री मोदी ने धमाके को भयावह बताया और कहा कि इस कायरतापूर्ण हरकत के पीछे जो भी षड्यंत्रकारी जिम्मेदार हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं पीड़ित परिवारों के दुःख को समझता हूं और पूरा देश उनके साथ खड़ा है। हमारी एजेंसियां इस साजिश की तह तक पहुंचेंगी और जिम्मेदारों को सजा दिलाई जाएगी।”
प्रधानमंत्री मोदी की यह पहल पीड़ितों के लिए साहस और आश्वासन देने वाली मानी जा रही है, जबकि जांच एजेंसियां मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।