पंजाब | पंजाब कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने वड़िंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 8 दिनों के भीतर गिरफ्तारी का आदेश जारी किया है। यह आदेश पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. बूटा सिंह के खिलाफ की गई कथित नस्लभेदी टिप्पणी से जुड़ी शिकायत के बाद आया है। शिकायतकर्ता बूटा सिंह के पुत्र सरबजोत सिंह सिद्धू थे, जिन्होंने कपूरथला पुलिस में वड़िंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
SC आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने मामले में डीएसपी हरगुरदेव सिंह को चंडीगढ़ तलब कर पूछा कि अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में 8 दिनों के भीतर राजा वड़िंग को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वहीं, पुलिस का कहना है कि वड़िंग के विवादित बयान का वीडियो फिलहाल फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और इसकी रिपोर्ट आने में 7 से 10 दिन का समय लग सकता है।
गढ़ी ने कहा, “राजा वड़िंग कोई रॉबिनहुड नहीं हैं कि उन्हें पकड़ना मुश्किल हो। वे पंजाब में खुलेआम घूम रहे हैं, और पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पा रही, यह अस्वीकार्य है।”
जानकारी के अनुसार, यह विवाद 4 नवंबर को तरनतारन जिले के एक गांव में आयोजित सभा के दौरान शुरू हुआ था, जब राजा वड़िंग ने पूर्व मंत्री बूटा सिंह को लेकर विवादित बयान दिया। इस बयान के बाद से ही वह विपक्ष और सामाजिक संगठनों के निशाने पर हैं।