फरीदाबाद | केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फरीदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली ब्लास्ट जैसी आतंकी घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और देश विरोधी साजिशों में शामिल लोगों को “कानून के तहत सख्त से सख्त सजा” दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि हरियाणा और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसकी योजना लंबे समय से चल रही थी। उन्होंने कहा कि समय रहते इस साजिश का खुलासा होना देश के लिए राहत की बात है, अन्यथा इसके परिणाम भयावह हो सकते थे। उन्होंने लाल किले पर हुए हादसे में शहीद हुए परिवारों के प्रति सरकार की पूर्ण सहानुभूति व्यक्त की।
मनोहर लाल फरीदाबाद सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारे में आयोजित ‘हिंद यात्रा’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यह यात्रा नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्षगांठ को समर्पित है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर की शहादत धर्म और देश की रक्षा का ऐतिहासिक प्रतीक है। हरियाणा सरकार इस अवसर पर चार यात्राओं का आयोजन कर रही है, जिनमें यह फरीदाबाद की तीसरी यात्रा थी। सभी यात्राएं 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसके अलावा, बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि जनता का समर्थन NDA गठबंधन के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में NDA भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।