छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। एर्राबोर थाना क्षेत्र के पहाड़ी जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया है। क्षेत्र में अभी भी ऑपरेशन जारी है।
जंगलों में नक्सलियों की सूचना मिली थी, सुबह से रुक-रुक कर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, सुरक्षाबलों को एर्राबोर इलाके के घने जंगलों में नक्सलियों के छिपे होने की मुखबिरी मिली थी। इसी आधार पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) सहित संयुक्त बलों की टीम सर्च पर निकली।
जैसे ही टीम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची, नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक नक्सली मारा गया। पुलिस ने नक्सली का शव बरामद किए जाने की पुष्टि की है।
अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जाएगी—पुलिस
सुरक्षा कारणों से पुलिस ने मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि—
- ऑपरेशन अभी जारी है
- मुठभेड़ का सटीक स्थान
- सुरक्षा बलों की संख्या
- नक्सलियों की मूवमेंट से जुड़ी जानकारी
फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जाएगी, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा को खतरा न पहुंचे। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।
खूंखार नक्सली ‘मंगडू’ की मौजूदगी की भी आशंका
सूत्रों के अनुसार, एर्राबोर इलाके में कोंटा एरिया कमिटी के सचिव मंगडू के छिपे होने की लगातार जानकारी मिल रही थी। इसी संदेह के बाद चारों ओर से सुरक्षा बलों की टीमों को इलाके में भेजा गया। संभव है कि मुठभेड़ इसी समूह से हुई हो। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अब भी चल रही है रुक-रुक कर गोलीबारी
मंगलवार सुबह शुरू हुई यह मुठभेड़ अभी भी जारी है। इलाके में जवानों ने नक्सलियों की तलाश तेज कर दी है, जबकि आसपास के जंगलों को घेर लिया गया है। फायरिंग रुक-रुक कर जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता के साथ अभियान आगे बढ़ा रहे हैं।