ईरान | विदेश मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि ईरान ने आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीज़ा छूट सुविधा को निलंबित कर दिया है। यह कदम उन घटनाओं के मद्देनजर उठाया गया है, जिसमें भारतीय नागरिकों को रोजगार के झूठे वादे या तीसरे देशों में पारगमन का आश्वासन देकर ईरान ले जाया गया और उनमें से कई का अपहरण कर फिरौती के लिए रखा गया।
22 नवंबर से वीज़ा अनिवार्य
विदेश मंत्रालय ने बताया कि 22 नवंबर 2025 से ईरान जाने वाले आम भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीज़ा प्राप्त करना अनिवार्य होगा। मंत्रालय ने कहा कि यह कदम आपराधिक तत्वों द्वारा वीज़ा छूट सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए उठाया गया है।
अब तक जिन भारतीय नागरिकों ने वीज़ा-मुक्त यात्रा का लाभ उठाकर ईरान की यात्रा की थी, उनमें से कई को तीसरे देशों में भेजने के नाम पर धोखा दिया गया या अपहरण का सामना करना पड़ा।
सरकार ने भारतीय नागरिकों को दी चेतावनी
विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे:
- वीज़ा-मुक्त यात्रा का झांसा देने वाले एजेंटों से सतर्क रहें
- ईरान के रास्ते तीसरे देशों में आगे की यात्रा कराने वाले प्रस्तावों से बचें
- केवल आधिकारिक और प्रमाणित चैनलों के माध्यम से ही यात्रा की योजना बनाएं
मंत्रालय ने कहा कि इस उपाय का उद्देश्य भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों के गलत प्रयासों को रोकना है।