सोनीपत | हरियाणा शिक्षा विभाग ने सोनीपत में “सुपर 100” योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पहल सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। ऑनलाइन पंजीकरण 9 फरवरी 2026 तक किए जा सकते हैं।
सुपर 100 अभियान का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को इस योजना के लिए जागरूक करें और पात्र छात्रों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करें।
लेवल-1 परीक्षा 11 फरवरी, 2026 को आयोजित होगी, जिसमें मुख्य रूप से गणित आधारित प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा परिणाम 15 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद चयनित छात्रों के लिए तीन दिवसीय आवासीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विषय विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
लेवल-2 परीक्षा 2 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसका परिणाम 30 अप्रैल को जारी होगा। अंतिम चयनित विद्यार्थियों के लिए 5 मई 2026 से विशेष कक्षाओं की शुरुआत होगी, जहां उन्हें उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
स्कूल प्रधान, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला विज्ञान विशेषज्ञ अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी करेंगे और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे। इस योजना के माध्यम से राज्य के मेधावी छात्र अब अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक मजबूत मंच प्राप्त कर सकेंगे।