जालंधर I लंबे समय से जालंधर वेस्ट में अवैध रूप से विकसित की जा रही कई कॉलोनियों पर आखिरकार नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था, लेकिन RTI एक्टिविस्ट करणप्रीत सिंह की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और तीनों अवैध कॉलोनियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पहली अवैध कॉलोनी 120 फुट रोड, शेर सिंह कॉलोनी के पास हाई टेंशन लाइनों के नीचे बनाई गई थी। यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील माना जाता है, बावजूद इसके लंबे समय तक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। दूसरी अवैध कॉलोनी चोपड़ा कॉलोनी के पास काला संघियां रोड पर विकसित की गई, जहाँ बिना किसी मंजूरी और नक्शा पास करवाए प्लॉट बेचे जा रहे थे।
इसी क्षेत्र में पिंक सिटी कॉलोनी के पास एक नई कॉलोनी भी तेजी से विकसित हो रही थी, जिसके खिलाफ कई शिकायतें पहले भी दर्ज करवाई गई थीं।
नगर निगम ने तीनों कॉलोनाइज़र को नोटिस भेजकर दस्तावेज़, NOC और सभी संबंधित मंजूरी प्रस्तुत करने के लिए कहा है। निगम ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में आवश्यक कागज़ात जमा नहीं किए गए, तो PAPRA एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, दस्तावेज़ जमा न होने की स्थिति में इन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोज़र चलाने तक का जोखिम हो सकता है।