गुरदासपुर | देर रात सिटी थाने के बाहर धमाका होने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसी दौरान खालिस्तान लिबरेशन आर्मी के नाम से एक पोस्ट भी सामने आई, जिसमें कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए भड़काऊ बयान दिया गया। इस पोस्ट के बाद इलाके में दहशत और अफवाहों का दौर शुरू हो गया।
हालांकि पुलिस ने तुरंत इन दावों को फर्जी बताते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी। अधिकारियों के अनुसार, थाने के बाहर किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ। देर रात एक ट्रक का टायर फटने से तेज आवाज हुई, जिसे गलत तरीके से धमाका बताया गया। इसी दौरान एक महिला को हल्की चोट आई, जो टायर फटने से उड़े कंकड़ों के कारण लगी थी।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट न केवल भ्रामक हैं, बल्कि माहौल खराब करने की साज़िश भी हो सकती हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट और उत्तेजक पोस्ट पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।