दिल्ली | दिल्ली धमाके से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जांच में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए एनआईए की टीम शुक्रवार को गिरफ्तार लेडी आतंकी डॉ. शाहीन को फरीदाबाद लेकर पहुंची। यहां अल-फलाह यूनिवर्सिटी परिसर में स्थित उसके फ्लैट की तलाशी के दौरान टीम को भारी मात्रा में कैश, सोने के बिस्कुट और विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
अलमारी से मिले 18.50 लाख रुपये के पैकेट
सूत्रों के अनुसार, एनआईए टीम ने फ्लैट नंबर-32 में शाहीन की अलमारी का लॉक खुलवाया। अलमारी के अंदर कई पैकेट बनाए हुए थे, जिनमें 500-500 रुपये के नोट भरे थे। टीम ने सभी पैकेट खोलकर हाथ से ही गिनती की, क्योंकि मौके पर नोट गिनने की मशीन उपलब्ध नहीं थी। कुल 18.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
300 ग्राम सोना और विदेशी करेंसी भी जब्त
कैश के अलावा टीम को शाहीन की अलमारी से दो सोने के बिस्कुट, सोने के गहने और लगभग 300 ग्राम सोना मिला। साथ ही सऊदी अरब समेत अन्य देशों की विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई।
एडमिन ब्लॉक में Shahin के नाम से लॉकर भी मिला
तलाशी के दौरान एनआईए को अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एडमिन ब्लॉक में भी शाहीन के नाम से एक अलग लॉकर मिला। इस लॉकर से महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड बरामद किए गए, जिनकी जांच की जा रही है।
25 सदस्यीय टीम कर रही है जांच
एनआईए की करीब 25 सदस्यीय टीम, जिसमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं, शाहीन को लेकर फरीदाबाद पहुंची। टीम ने कैश की मैनुअल गिनती और डिजिटल मशीन से सोने का वजन कराया।
जांच एजेंसी को शक है कि बरामद कैश और सोना आतंकी फंडिंग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।