Una, Rakesh-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे सोमवार को जिला ऊना पहुंचे। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए जिला संगठन चुनाव को लेकर पार्टी की मंशा और दिशा स्पष्ट की।
सुखदेव पांसे ने कहा कि कांग्रेस ने अहमदाबाद अधिवेशन में यह तय किया था कि देशभर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला अध्यक्षों के चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से कराए जाएंगे। इसी सिलसिले में विभिन्न राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऊना जिले में जिला अध्यक्ष का चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का दायित्व दिया गया है।उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष के चयन के लिए वे ऊना जिले की सभी पाँचों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। कार्यकर्ताओं से सामूहिक चर्चा के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से भी राय ली जाएगी, ताकि हर स्तर की आवाज चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो सके। इसके अलावा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, वर्तमान व पूर्व विधायकों, मंत्रियों और अन्य अनुभवी पदाधिकारियों से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
पांसे ने स्पष्ट किया कि ऊना का जिला अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति होगा जो न केवल संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाए, बल्कि केंद्र और राज्य में लागू की जा रहीं “देशहित विरोधी नीतियों” पर सशक्त आवाज उठा सके तथा भारतीय जनता पार्टी को मजबूत राजनीतिक जवाब दे सके। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा देना है, और इसके लिए सक्रिय, समर्पित और संघर्षशील युवाओं को आगे लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।पांसे ने कहा कि जिला अध्यक्ष के चयन में किसी प्रकार का दबाव या थोपने की नीति नहीं अपनाई जाएगी।ऊना जिला अध्यक्ष का चुनाव जनता और कार्यकर्ताओं की पसंद से होगा। हम यहां कार्यकर्ताओं की राय सुनने आए हैं ।