दूसरे चरण में 16 टीमें लेंगी हिस्सा, जयपुर में होगा अगला संस्करण; दिल्ली में महिला पत्रकारों की मैराथन का भी ऐलान
समर न्यूज | नई दिल्ली
यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) पर तैयार की गई कॉफी टेबल बुक का विमोचन बुधवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हुआ। समारोह में राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष कार्याधिकारी राजीव दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जेपीएल से जुड़े आयोजकों, पत्रकारों और टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया।
समारोह के दौरान जेपीएल के दूसरे चरण की घोषणा की गई। आयोजकों के अनुसार पहले संस्करण में आठ टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि आगामी संस्करण में टीमों की संख्या बढ़ाकर 16 की जाएगी। पहला टूर्नामेंट चंडीगढ़ और पंचकूला के क्रिकेट स्टेडियमों में आयोजित किया गया था, जिसमें राजस्थान की टीम विजेता रही थी। कार्यक्रम में पहले टूर्नामेंट की सभी आठ टीमों के कप्तानों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रतियोगिता से जुड़ी यादें ताजा कीं।
जयपुर में होगा अगला संस्करण: राजीव दत्ता
राजीव दत्ता ने घोषणा की कि जेपीएल का अगला संस्करण जयपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए खेल गतिविधियां उनके व्यस्त और तनावपूर्ण कार्य जीवन के बीच सकारात्मक माहौल बनाने का काम करती हैं। जेपीएल पत्रकारों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना से जोड़ने का भी अच्छा माध्यम बन रहा है। उन्होंने यूनाइटेड प्रेस क्लब के अध्यक्ष अर्शदीप सिंह समर और क्लब के पदाधिकारियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या में मानसिक तनाव कम करने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जेपीएल केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि पत्रकार बिरादरी के बीच सहयोग और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने वाला मंच भी है।
दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की मदद
राजीव दत्ता ने पत्रकारों के परिवारों की सहायता के लिए क्लब की ओर से किए जा रहे प्रयास की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि वह 2013 में लुधियाना आए थे और उस दौरान दिवंगत पत्रकारों के परिवारों से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से उनके जीवनकाल में मिलने वालों की कमी नहीं होती। राजनेता और विभिन्न क्षेत्रों के लोग भी पत्रकारों से लगातार संपर्क में रहते हैं, लेकिन किसी पत्रकार के निधन के बाद उसके परिवार की सुध लेने वाले अक्सर कम ही दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की पहल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने यूनाइटेड प्रेस क्लब के इस प्रयास को महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यों में सहयोग का भरोसा दिया।
आयोजन की गरिमा बढ़ाई: अर्शदीप सिंह समर
पंजाब प्रेस लायंस के कप्तान अर्शदीप सिंह समर ने कहा कि जेपीएल की कॉफी टेबल बुक के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर राजीव जी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। उनके प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के लिए हृदय से आभार। बुक लॉन्च की सफलता और जेपीएल के शानदार आयोजन पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई।
सफलता में सहयोग महत्वपूर्ण: मुकेश मीणा
राजस्थान मीडिया रॉयल्स के कप्तान मुकेश मीणा ने कहा कि जेपीएल की कॉफी टेबल बुक में पहले टूर्नामेंट की यादों को संजोना हम सभी के लिए विशेष अनुभव है। राजीव जी ने समारोह में शामिल होकर आयोजन का उत्साह बढ़ाया। आपके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए हार्दिक आभार। जेपीएल के सफल आयोजन पर पूरी टीम को शुभकामनाएं।
बढ़ाई समारोह की शोभा: बरिंद्र रावत
चंडीगढ़ प्रेस स्ट्राइकर्स के टीम हेड बरिंद्र रावत ने कहा कि जेपीएल की कॉफी टेबल बुक का विमोचन पत्रकारों की सामूहिक यात्रा और उपलब्धियों का उत्सव है। राजीव जी ने समारोह में शामिल होकर इसकी शोभा बढ़ाई। आपके सहयोग और शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार। जेपीएल के सफल आयोजन पर पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।
समारोह को बनाया यादगार: प्रदीप कुमार
दिल्ली मीडिया मास्टर्स के कप्तान प्रदीप कुमार ने कहा कि जेपीएल की कॉफी टेबल बुक का विमोचन पत्रकार समुदाय के लिए गौरव का अवसर है। राजीव जी की गरिमामयी उपस्थिति और सकारात्मक विचारों ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया। आपके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए हार्दिक आभार। जेपीएल के सफल आयोजन पर पूरी टीम को बधाई।
बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल: मोहित प्रेम शर्मा
हिमाचल मीडिया वॉरियर्स के कप्तान मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि जेपीएल पत्रकारों को खेल और टीम भावना से जोड़ने वाला शानदार मंच बन चुका है। बुक लॉन्च समारोह में राजीव जी की उपस्थिति ने सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। आपके प्रोत्साहन के लिए हृदय से आभार। जेपीएल के सफल आयोजन और शानदार पहल पर पूरी टीम को बधाई।