अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को लेकर बुधवार को पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल करवाई गई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण करने के साथ मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्य समारोह में 15 अगस्त को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। रिहर्सल में शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पीटी शो व मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों के उत्साह और प्रस्तुतियों ने समारोह स्थल को देशभक्ति के माहौल से भर दिया। डीसी हिमांशु जैन ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ विशेष नशामुक्त अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई जाएगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद डीसी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रिहर्सल के दौरान सामने आई कमियों को मुख्य समारोह से पहले दूर करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।