हिसार | हिसार जिले के डोभी गांव में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी मोनिका (23) की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुई। दंपती का लगभग दो साल का बेटा भी है।
स्थानीय पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लंबे समय से चल रहे वैवाहिक कलह के बाद शुक्रवार सुबह फिर से झगड़ा हुआ। गुस्से में पति मांगेराम ने मोनिका का गला दबा दिया। जब तक आस-पड़ोस के लोग बीच में आ पाते, मोनिका की मौत हो चुकी थी।
घटना के समय मांगेराम के माता-पिता राजस्थान में रिश्तेदारी की शादी में गए हुए थे। घर पर अकेले रहने के कारण उसने यह कृत्य किया। हत्या के बाद आरोपी ने खुद अपने माता-पिता और ससुराल वालों को फोन कर घटना की सूचना दी और 112 नंबर पर पुलिस को भी सूचित किया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
मोनिका का मायका राजस्थान के दुमकी (डूंगरगढ़ क्षेत्र) में है। परिजन घटना की खबर पाकर रवाना हो चुके हैं, लेकिन अभी तक गांव नहीं पहुंचे हैं। पुलिस के अनुसार शव अभी कब्जे में है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस चौकी इंचार्ज शेषकरण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद और चरित्र शक से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। मायके पक्ष के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।