कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र के बाबैन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी दो चचेरी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों छात्र रोजाना की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे, तभी गांव कंदौली के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जोगी माजरा निवासी कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर ताऊ की बेटी अंकिता व चाचा की बेटी महक भी सवार थीं, जो इस दुर्घटना में घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के अनुसार तीनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और रोजाना एक साथ ही स्कूल जाते थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक कुनाल परिवार का होनहार बेटा बताया जा रहा है।
दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन तथा चालक की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सुबह स्कूल टाइम पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग सावधानी बरतें और हादसे की किसी जानकारी पर तुरंत सूचना दें।