नासिक | महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें सप्तश्रृंगी देवी दर्शन के लिए जा रही एक इनोवा कार 1000 से 1200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सात लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक नासिक के निफाड़ तालुका के पिंपलगांव बसवंत गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान कीर्ति पटेल, रसीला पटेल, विट्ठल पटेल, लता पटेल, पचन पटेल और मणिबेन पटेल के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वाहन एक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह बताया और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि घाट क्षेत्र की सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और कई बार शिकायत के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे मोड़ों पर वाहन अक्सर असंतुलित हो जाते हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग उठाई है।