फरीदकोट। सुखनवाला गांव में हुए गुरविंदर सिंह मर्डर केस में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। ताज़ा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, गुरविंदर की हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई थी। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि पहले उसे जहर दिया गया और उसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। चिकित्सकों ने यह भी पुष्टि की है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई, जबकि शरीर पर 10 से 12 गहरी चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जो वारदात की क्रूरता दर्शाते हैं।
जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी हरकंवल सिंह अपने दोस्त विश्वजीत को धोखे से चंडीगढ़ ले गया और दोनों मुंबई भागने की योजना बना रहे थे। इस बीच पुलिस ने जब हरकंवल के पिता से पूछताछ शुरू की और प्राथमिकी में उसका नाम सामने आया, तो उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
फरीदकोट पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनाक्रम के आधार पर केस की हर परत की जांच कर रही है, ताकि अपराध की पूरी साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका को उजागर किया जा सके।