बराड़ा | अंबाला जिले के बराड़ा उपमंडल के उगाला गांव में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। उसके चेहरे और हाथ-पांव पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, विशाल कुमार अंबाला आईटीआई में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। बुधवार शाम लगभग 6 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा था और बेहद घबराया हुआ लग रहा था। उसकी पत्नी ने बताया कि वह बिना खाना खाए ही घर के बाहर गेट के पास लेट गया और वहीं सो गया। सुबह जब उसे उठाने का प्रयास किया गया, तो उसकी सांसें बंद थीं। विशाल अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है।
मृतक के भाई हरबंस के मुताबिक, रात को चाय पीने के बाद विशाल गेट के पास ही सो गया था। सुबह उसके शरीर पर चोट के निशान थे, जबकि घर का गेट खुला मिला। इस पर संदेह गहराते ही परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण सैंपल एकत्र किए हैं। थाना सदर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारण और आरोपी की पहचान का खुलासा हो सके।