नूंह। फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र की भाजपा मंडल अध्यक्ष निशा सैनी को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। लगातार बढ़ते दबाव और सुरक्षा को लेकर चिंता के बाद भाजपा नेत्री ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से औपचारिक तौर पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने नूंह पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
फिरोजपुर झिरका डीएसपी अजायब सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कॉर्पियो से पीछा करने और पहले भी धमकी मिलने का आरोप
शिकायत में निशा सैनी ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 की सुबह वे किसी कार्य से नूंह स्थित भाजपा कार्यालय जा रही थीं। उसी समय भादस के पास एक स्कॉर्पियो (नंबर HR 26 ET 9856) ने उनका पीछा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शाम लगभग 7:30 बजे वही वाहन फिर उनके पीछे लग गया और बस स्टैंड फिरोजपुर झिरका तक पीछा करता रहा।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 15 मई 2024 को उन्हें फोन पर धमकी दी गई थी, जबकि बड़कली चौक पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने चेहरा ढककर उन्हें धमकाया था कि भाजपा का प्रचार बंद कर दें।
कांग्रेस विधायक पर आरोप, भाजपा समर्थक के मामले से विवाद बढ़ा
निशा सैनी ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर आरोप लगाया कि गांव नांगल मुबारकपुर से जुड़े एक मामले में जब उन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता का समर्थन किया और शिकायत सीएम विंडो तक पहुंची, तो कांग्रेस समर्थकों में विरोध की भावना बढ़ गई।
उनका दावा है कि इसके बाद से कांग्रेस विधायक उन्हें सीधे निशाना बना रहे हैं। आरोप के अनुसार, मामन खान ने उनके जेठ को फोन कर उनसे बात कराने को कहा। निशा सैनी का आरोप है कि वे लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का काम कर रही हैं, जो कांग्रेस नेताओं को “नापसंद” है।
विधायक मामन खान ने आरोप किए खारिज
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस विधायक मामन खान ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनकी कभी भी निशा सैनी से बातचीत नहीं हुई। उनका कहना है कि नांगल मुबारकपुर में कुछ लोगों के बीच आपसी झगड़ा चल रहा है और उसी विवाद को गलत तरीके से उनसे जोड़ा जा रहा है।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि निशा सैनी द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं और उनका किसी प्रकार से इस प्रकरण से कोई संबंध नहीं है।