17 June, 2025
ICC द्वारा मंगलवार को जारी ताज़ा महिला वनडे रैंकिंग में भारत की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नवंबर 2019 के बाद पहली बार वह महिला वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में दुनिया की नंबर एक बल्लेबाज़ बन गई हैं। 28 वर्षीय मंधाना एक स्थान ऊपर चढ़कर 727 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं।
वोल्वार्ड्ट खिसकीं दूसरे स्थान पर
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट छह महीने तक शीर्ष स्थान पर बनी हुई थीं, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों में 27 और 28 रन ही बना सकीं। इसके चलते वह इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर खिसक गईं।
अन्य प्रमुख बदलाव:
- मंधाना ने हाल ही में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज़ के फाइनल में अपने करियर का 11वां शतक जड़ा था।
- दक्षिण अफ्रीका की टैजमिन ब्रिट्स पहले वनडे में अर्धशतक लगाकर पांच स्थान ऊपर चढ़कर 27वें स्थान पर पहुंची हैं।
- वेस्टइंडीज की शमन कैंपबेल सात पायदान ऊपर चढ़कर 62वें स्थान और कियाना जोसेफ 12 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त 67वें स्थान पर पहुंची हैं।
- पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान सुने लूस ने दूसरे वनडे में 76 रन बनाए और वह 42वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
- गेंदबाज़ी रैंकिंग में वेस्टइंडीज की स्पिनर एफी फ्लेचर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार विकेट झटके और चार स्थान की छलांग लगाकर 19वें स्थान पर पहुंच गईं।
- गेंदबाजी सूची में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन अभी भी शीर्ष स्थान पर काबिज़ हैं।