नई दिल्ली | आज यानी 25 दिसंबर (गुरुवार) को क्रिसमस के अवसर पर देश के प्रमुख शेयर बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर किसी भी सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी। इस दौरान इक्विटी, डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स की ट्रेडिंग भी स्थगित रहेगी।
कमोडिटी डेरिवेटिव्स के सुबह और शाम दोनों सत्र भी बंद रहेंगे। शेयर बाजार सामान्य रूप से शुक्रवार, 26 दिसंबर से फिर से खुल जाएगा। निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी ट्रेडिंग रणनीति पहले से सुनिश्चित कर लें।
एनएसई ने 2026 के ट्रेडिंग हॉलिडे कैलेंडर भी जारी कर दिया है। अगले साल कुल 15 दिन शेयर बाजार बंद रहेगा। इनमें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), होली (3 मार्च), श्री राम नवमी (26 मार्च), श्री महावीर जयंती (31 मार्च) जैसी प्रमुख छुट्टियां शामिल हैं।
विशेष बात यह है कि इन 15 छुट्टियों में से 4 छुट्टियां सप्ताहांत पर पड़ रही हैं, इसलिए वीकडे हॉलिडेज़ की संख्या कम होगी। मार्च का महीना सबसे ज्यादा छुट्टियों वाला महीना होगा, जबकि फरवरी, जुलाई और अगस्त में कोई अतिरिक्त वीकडे हॉलिडे नहीं है।
इसके अलावा, दिवाली के अवसर पर 8 नवंबर, रविवार को मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा। यह छोटा सेशन निवेशकों के बीच शुभ माना जाता है और कई लोग इसी दौरान नए निवेश की शुरुआत करते हैं।