कोलकाता | दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में एक फ्लैट से मंगलवार शाम एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग, उनकी 68 वर्षीय पत्नी और 38 वर्षीय बेटा शामिल हैं। सभी के शव फ्लैट के अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके हुए मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों ने दरवाजा न खुलने पर दी सूचना
यह घटना कस्बा के राजदंगा गोल्ड पार्क स्थित एक अपार्टमेंट की है, जहां दूसरे फ्लोर पर यह परिवार रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही फ्लैट का दरवाजा बंद था और परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं आया। कई बार दस्तक देने और फोन कॉल के बाद भी जवाब न मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बरामद किए शव
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “70 वर्षीय व्यक्ति का शव डाइनिंग एरिया में लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटे के शव दूसरे कमरे में पाए गए। तीनों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”
आत्महत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारी ने कहा, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।”
पूरे इलाके में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है। स्थानीय लोग अब भी इस घटना से सदमे में हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि परिवार किसी मानसिक या आर्थिक दबाव में तो नहीं था।