फरीदाबाद | फरीदाबाद में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के बीच गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनी लाइब्रेरी का एक ही दिन में दो बार उद्घाटन किया गया, जिससे शहर की राजनीति में हलचल मच गई है।
पहले उद्घाटन में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर के साथ हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और खाद्य मंत्री राजेश नागर ने रिबन काटकर लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। यह उद्घाटन करीब दोपहर साढ़े 12 बजे किया गया।
हालांकि, लगभग ढाई घंटे बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर अपने समर्थक विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले दोबारा रिबन लगाया गया और साफ-सफाई करवाई गई। इसके बाद कृष्णपाल गुर्जर ने उसी लाइब्रेरी का फिर से रिबन काटकर उद्घाटन किया और अपने नाम वाले बोर्ड के सामने विधायकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
बताया जा रहा है कि लाइब्रेरी के उद्घाटन के लिए लगाए गए शिलापट्ट पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का नाम दर्ज था, जबकि नीचे सांसद सुरेन्द्र नागर, मंत्री विपुल गोयल, राजेश नागर और राव नरबीर सिंह के नाम शामिल थे। इससे पहले विपुल गोयल और सुरेन्द्र नागर ने बोर्ड से कपड़ा हटाकर फोटो खिंचवाई और उद्घाटन कर दिया, जिसे लेकर विवाद और गहरा गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा के अंदरूनी संगठन और प्रोटोकॉल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में यह चर्चा जोरों पर है कि नेता एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में हैं, जिसका असर सार्वजनिक कार्यक्रमों पर साफ दिखने लगा है।
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि उनके संज्ञान में किसी तरह का दोबारा उद्घाटन नहीं है। उनके मुताबिक, उद्घाटन हो चुका है और प्रोटोकॉल के अनुसार सभी नेताओं के नाम बोर्ड पर थे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि वह विभाग की ओर से मिली आधिकारिक सूचना के आधार पर तय समय पर पहुंचे थे और शिलापट्ट पर भी उनका नाम दर्ज था। अब पहले क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
एक ही परियोजना के दो बार उद्घाटन से भाजपा की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है, जो आने वाले समय में पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है।