फरीदाबाद | नगर निगम फरीदाबाद ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए NIT-5 इलाके में बनी एक चार मंजिला कमर्शियल इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई, जिसमें निगम ने दो पोकलेन मशीनों की मदद से पूरी इमारत को जमींदोज किया।
निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित प्लॉट का नक्शा रिहायसी श्रेणी में पास कराया गया था, लेकिन इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इसी इमारत में “BTW” नाम का बड़ा रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। मामला लंबे समय से कोर्ट में विचाराधीन था, जिसके बाद पहले इमारत को सील किया गया और अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।
नगर निगम को 2 जनवरी तक इस कार्रवाई की रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करनी थी, जिसके तहत आज तोड़फोड़ की गई। निगम का कहना है कि शहर में अवैध रूप से बनी इमारतों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हालांकि, इस कार्रवाई के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जिस क्षेत्र में यह इमारत ध्वस्त की गई, उसके आसपास कई अन्य भवन भी नियमों को दरकिनार कर बनाए जा रहे हैं या पहले से मौजूद हैं, जिन पर अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है।