नई दिल्ली। देशभर में नए साल 2026 का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया गया और इसका असर सीधे क्विक कॉमर्स व फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म्स पर देखने को मिला। जैसे ही आधी रात की उलटी गिनती शुरू हुई, लोगों ने घर बैठे जश्न मनाने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर करना शुरू कर दिया, जिससे ऐप्स पर ऑर्डरों की रफ्तार अचानक कई गुना बढ़ गई।
पार्टी आइटम्स की जबरदस्त डिमांड
31 दिसंबर की रात 11 से 12 बजे के बीच स्विगी इंस्टामार्ट पर पार्टी से जुड़े सामान, स्नैक्स, ड्रिंक्स और गिफ्ट आइटम्स की बिक्री में रिकॉर्ड उछाल दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा मांग अंगूरों की रही, जिनके ऑर्डर सामान्य दिनों के मुकाबले 15 गुना तक बढ़ गए। इसके बाद केक (7 गुना), बारबेक्यू आइटम्स (6 गुना), पेय पदार्थ (3.5 गुना), पार्टी ग्लास (2.5 गुना) और पिज्जा बेस (1.8 गुना) सबसे ज्यादा मंगाए गए।
अंगूर बने न्यू ईयर स्टार
स्विगी के सह-संस्थापक फानी किशन अड्डेपल्ली के मुताबिक, नए साल की सुबह सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला आइटम अंगूर रहे। इंस्टामार्ट पर सुबह के समय 2.35 लाख से अधिक सर्च दर्ज की गईं, जो सामान्य से 78 गुना ज्यादा थीं। लोगों ने सुबह 5 बजे से ही अंगूर ऑर्डर करने शुरू कर दिए थे।
लाखों ऑर्डर, मिनटों में डिलीवरी
जेप्टो पर भी 30 दिसंबर को अंगूरों की बिक्री में तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं जोमैटो और ब्लिंकइट पर पूरे दिन में 75 लाख ऑर्डर पूरे किए गए, जो 63 लाख से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचे।
फूड डिलिवरी में स्विगी पर केक, पिज्जा और बिरयानी सबसे ज्यादा पसंद किए गए। शाम 7:30 बजे तक 2.18 लाख बिरयानी, 2.18 लाख पिज्जा और 2.16 लाख बर्गर ऑर्डर किए गए। रात 8 बजे के आसपास ऑर्डर की रफ्तार 1,336 ऑर्डर प्रति मिनट तक पहुंच गई।
देर रात मिठाइयों की धूम
न्यू ईयर की देर रात लोगों ने रस मलाई, गाजर का हलवा और गुलाब जामुन जैसे पारंपरिक डेजर्ट्स खूब मंगाए। मैजिकपिन ने भी 31 दिसंबर की रात को अपनी सबसे व्यस्त रातों में से एक बताया, जहां 11:30 बजे तक ऑर्डर की स्पीड करीब 1,500 ऑर्डर प्रति मिनट पहुंच गई।
छोटे शहर भी पीछे नहीं
इस साल न्यू ईयर फूड बूम केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा। लोनावला, करीमनगर, सहारनपुर, दावणगेरे, पटियाला और मेरठ जैसे छोटे शहरों में भी क्विक कॉमर्स की मजबूत मांग देखने को मिली। डाइन-आउट सेगमेंट में अहमदाबाद में बुकिंग 1.6 गुना बढ़ी, जबकि लखनऊ और जयपुर में भी अच्छा उछाल दर्ज किया गया। बेंगलुरु और हैदराबाद न्यू ईयर नाइट डाइनिंग में सबसे आगे रहे।
हड़ताल के बीच भी रिकॉर्ड डिलीवरी
खास बात यह रही कि यह तेजी ऐसे समय आई जब गिग वर्कर्स की देशव्यापी हड़ताल चल रही थी। इसके बावजूद जोमैटो और ब्लिंकइट ने रिकॉर्ड डिलीवरी का दावा किया। हालांकि, गिग वर्कर्स यूनियनों का कहना है कि 2.1 लाख से ज्यादा डिलीवरी कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे, जिससे कुछ इलाकों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुईं।