यमुनानगर | यमुनानगर में तांत्रिक अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच-1 (सीआईए-1) की टीम ने तांत्रिक सिद्धि के नाम पर पांच साल के मासूम बच्चे की हत्या करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज वारदात 30 जुलाई 2025 को गांव कामी माजरा में हुई थी, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पांच वर्षीय प्रिंस की हत्या के बाद जिला पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में सीआईए-1 की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर मामले की परतें खोलते हुए मुख्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अपराध शाखा-1 के प्रभारी उप-निरीक्षक राज कुमार के नेतृत्व में एसआई सतेंद्र कुमार की टीम ने इस वारदात में शामिल एक तांत्रिक को हमीदा हेड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शिव कुमार उर्फ सोनी, निवासी यमुनानगर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए स्वीकार किया कि उसने तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने के लिए अपनी पत्नी भारती और दो नाबालिग रिश्तेदारों के साथ मिलकर मासूम बच्चे की बलि दी थी।
शिव कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार सुबह उसकी पत्नी भारती को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2025 को गांव कामी माजरा के खेतों में बने एक ट्यूबवेल की हौदी से बच्चे प्रिंस पुत्र रविंद्र का शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने पहले गला दबाकर उसकी हत्या की और बाद में शव को ट्यूबवेल की हौदी में फेंक दिया था।
इस मामले में थाना सदर यमुनानगर में हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य पहलुओं और सहयोगियों की भी गहन जांच की जा सके।