सिरसा | हरियाणा कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि पिछले पांच वर्षों में भ्रष्टाचार के मामलों में 78.48% की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी वजह से हरियाणा देश में भ्रष्टाचार के मामलों में सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ का दावा करती है, लेकिन यह केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रह गया है। राजस्व, पुलिस, भूमि और प्रशासनिक विभागों में भ्रष्टाचार आम नागरिकों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।
सांसद ने डबवाली क्षेत्र के एक नागरिक के उदाहरण का हवाला देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से तंग होकर उसे इच्छा मृत्यु जैसी बातें करनी पड़ीं, जो किसी भी संवेदनशील लोकतांत्रिक सरकार के लिए गंभीर चेतावनी है।
कुमारी सैलजा ने मांग की कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय और पारदर्शिता के साथ जवाबदेह शासन प्रदान किया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।