हिसार | भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत 9 और 10 जनवरी को हरियाणा के हिसार जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न महत्वपूर्ण न्यायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सीजेआई के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, न्यायिक विभाग और बार एसोसिएशन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
10 जनवरी को सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत हिसार के बरवाला कोर्ट परिसर में नए न्यायिक भवन की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग 80 न्यायाधीशों के शामिल होने की संभावना है, जबकि करीब 200 अधिवक्ताओं के लिए विशेष पंडाल और वाटरप्रूफ टेंट लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई है।
सीजेआई 9 जनवरी को हिसार पहुंचने के बाद हांसी न्यायिक परिसर का भी दौरा करेंगे। हांसी में न्यायिक भवन को फूलों और सजावटी लाइटों से सजाया जा रहा है। पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
बरवाला कार्यक्रम के बाद सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत अपने पैतृक गांव पेटवाड़ में आयोजित सम्मान समारोह में भी शिरकत करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते प्रशासन ने तैयारियों को और तेज कर दिया है।
तैयारियों की समीक्षा के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के जस्टिस हरसिमरन सेठी, जस्टिस अलका सरीन और जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीजेआई के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और टेंट व पंडाल क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। वहीं बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि बैठने, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है। सीजेआई के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।