सोनीपत। सोनीपत के गांव मल्ला माजरा में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लूट की नीयत से घर में घुसे चार बदमाशों ने विरोध करने पर युवक साहिल को धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात ने पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
रात को सड़क किनारे स्थित साहिल के घर में चार हमलावर घुसे। घर में मौजूद साहिल ने उनका विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान साहिल की मां को एक कमरे में बंद कर दिया गया और मोबाइल व कीमती गहने लूटकर आरोपी फरार हो गए।
परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने जबरन घर में घुसकर साहिल की मां से सोने की बालियां छीन ली। साहिल विरोध करने पर पकड़ में आ गया और उसे धारदार हथियार से गोदकर मार दिया गया।
साहिल गांव में खेती-बाड़ी करता था। उसके बड़े भाई भारतीय वायुसेना में जवान हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांववासियों में भी वारदात को लेकर गहरा रोष है।
सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा गया और पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल बोर्ड में भेजा जाएगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस जघन्य वारदात की पूर्ण जांच कर रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है।