पानीपत | पानीपत और कुरुक्षेत्र में इनेलो जिलाध्यक्ष के भाई, नेत्ररोग विशेषज्ञ जयदीप राठी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांच दिन तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नरवाना ब्रांच नहर में शनिवार को मानव हड्डियां बरामद की गईं। पुलिस इन्हें जयदीप राठी हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने हड्डियों को डीएनए जांच के लिए लैब भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि हड्डियां आरोपित जसवंत उर्फ जस्सी के निशानदेही पर गोताखोरों ने नहर की तलहटी से बरामद कीं। तीन दिन तक कुछ हाथ नहीं लगा, लेकिन प्रशासन ने नहर के पानी के बहाव को कम कराकर तलाश तेज की। गोताखोर प्रगट सिंह ने कहा कि हड्डियों को निकालने में दो घंटे का समय लगा। अब नहर में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है और डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि हड्डियां जयदीप राठी की हैं या नहीं।
इसी मामले में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है। वाहन से अहम सबूत मिले हैं, जो जांच में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। इन सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक लैब को भेजा गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक गाड़ी और उससे जुड़े सबूतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हत्याकांड को लेकर राजनीतिक दलों में भी हलचल जारी है। जयदीप राठी के स्वजन और समर्थक जल्द मामले के खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।