नारनौल। हरियाणा के नारनौल में सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बहरोड़ चौक के पास स्थित पुराने और लंबे समय से बंद पड़े अशोका प्लाजा होटल का जर्जर छज्जा अचानक तेज धमाके के साथ भरभराकर गिर पड़ा। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक होटल की इमारत काफी समय से खस्ताहाल थी और इसकी हालत को लेकर पहले भी आशंकाएं जताई जा चुकी थीं। अचानक छज्जा गिरने से आसपास की कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। होटल परिसर में संचालित पिज्जा कैफे के बाहर रखा काउंटर, फर्नीचर और अन्य सामान मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ, अन्यथा दिन में यहां छात्रों और आम लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
छज्जा गिरने के साथ ही बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल की। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।