गुरुग्राम | गुरुग्राम पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मौसी के लड़के की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 14 साल पुराने व्यवसायिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया और आरोपियों ने हत्या से लेकर पुलिस से बचने तक की पूरी योजना यूट्यूब वीडियो देखकर तैयार की थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि 6 जनवरी को थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-37D स्थित रामा पार्क के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को मृत पाया, जिसकी पहचान 50 वर्षीय संजय शर्मा निवासी बसई एन्क्लेव पार्ट-2, गुरुग्राम के रूप में हुई। मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 56 वर्षीय गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा और 48 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी गुरुदत्त शर्मा को देहरादून से जबकि सह आरोपी अनिल को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गुरुदत्त शर्मा मृतक का मौसी का लड़का था और दोनों के बीच वर्ष 2011-12 में क्रेशर बजरी के संयुक्त व्यवसाय को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों ने पहले मृतक की रेकी करवाई, जिसके लिए 10 लाख रुपये दिए गए। वारदात के दिन कार को जानबूझकर टक्कर मारकर मृतक को नीचे उतरने पर मजबूर किया गया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच अभी जारी है।