स्पेन | दक्षिणी स्पेन में एक भीषण रेल दुर्घटना हुई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। यह हादसा कॉर्डोबा प्रांत के अडामुज क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब दो हाई-स्पीड ट्रेनें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेन का डिब्बा पूरी तरह पलट गया और कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई। नियंत्रण खोने के बाद वह सामने से आ रही दूसरी ट्रेन के ट्रैक पर पहुंच गई, जिसके चलते दोनों ट्रेनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।
पुलिस अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सरकारी प्रसारक टेलीविजन एस्पान्योला के मुताबिक, इस दुर्घटना में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें करीब 25 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मैड्रिड से हुएल्वा जा रही ट्रेन का चालक भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल है।
हादसे के समय ट्रेनों में सवार यात्रियों ने बताया कि टक्कर का झटका किसी तेज भूकंप जैसा महसूस हुआ। कई डिब्बों में यात्री फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकलने के लिए आपातकालीन हथौड़ों से खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोनों ट्रेनों में मिलाकर लगभग 400 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों के इलाज के लिए विशेष चिकित्सा इंतजाम किए गए हैं।
इस हादसे पर स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। वहीं मैड्रिड क्षेत्र की अध्यक्ष इसाबेल डियाज़ आयुसो ने एंडालूसिया प्रशासन को हर तरह की मदद देने का आश्वासन दिया है और जरूरत पड़ने पर मैड्रिड के अस्पतालों में घायलों के इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है।
सुरक्षा कारणों से फिलहाल मैड्रिड और एंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। हादसे के कारणों की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।