Dharamshala, Rahul-:विदेशी प्रवासी पक्षियों के लिए पसंदीदा स्थल पौंग डैम इस बार एक बार फिर सुर्खियों में है। इस सर्दी के मौसम में पौंग डैम क्षेत्र में दो नई प्रजातियों के विदेशी पक्षियों की मौजूदगी सामने आई है, जिन्हें पहले कभी आधिकारिक रूप से रिकॉर्ड नहीं किया गया था। खास बात यह है कि इन पक्षियों की पहचान वन्य प्राणी विभाग ने नहीं, बल्कि पक्षी प्रेमियों और बर्ड वॉचर्स ने की है। इसके बाद उनकी ओर से वन्य प्राणी विभाग को सूचना दी गई, जिसके आधार पर विभाग अब इन नई प्रजातियों की पुष्टि और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में जुट गया है।यदि जांच के दौरान इन पक्षियों की प्रजातियों की पुष्टि हो जाती है, तो इन्हें पौंग डैम के आधिकारिक जैव विविधता रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, किसी भी नई प्रजाति को रिकॉर्ड में शामिल करने से पहले वैज्ञानिक स्तर पर उसका सत्यापन बेहद जरूरी होता है।हर वर्ष सर्दियों के मौसम में हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी साइबेरिया, मध्य एशिया और अन्य ठंडे क्षेत्रों से उड़ान भरकर पौंग डैम पहुंचते हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या वार-हेडेड गीज (बार-हेडेड गीज) की होती है। ये पक्षी अपने सिर पर मौजूद दो काली धारियों और हिमालय पर्वत श्रृंखला को पार करने की अद्भुत क्षमता के लिए जाने जाते हैं। पौंग डैम इन पक्षियों के लिए एक प्रमुख शीतकालीन आश्रय स्थल बन चुका है।
पौंग डैम में पहुंचे विदेशी पक्षियों की कुल संख्या का आकलन करने के लिए वन्य प्राणी विभाग हर वर्ष जनवरी के अंत में विशेष गणना अभियान चलाता है। इस अभियान के तहत डैम क्षेत्र को 21 सेक्शनों में विभाजित किया जाता है। प्रत्येक सेक्शन में 3 से 4 सदस्यों की टीम तैनात की जाती है, जो पक्षियों की गिनती और प्रजातियों की पहचान का कार्य करती है।इस गणना अभियान में वन्य प्राणी विभाग के साथ-साथ द बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी (BNHS),वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं के विशेषज्ञों तथा स्थानीय पक्षी प्रेमियों का भी सहयोग लिया जाता है।
अधिकारियों का कहना है कि पौंग डैम की जैव विविधता न केवल प्रदेश बल्कि देश के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां आने वाले प्रवासी पक्षी पर्यावरण संतुलन और पारिस्थितिकी तंत्र की सेहत का संकेत देते हैं। नई प्रजातियों की रिपोर्ट होना इस बात का प्रमाण है कि पौंग डैम आज भी विदेशी परिंदों के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक ठिकाना बना हुआ है।