तरनतारन । तरनतारन पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह सदस्यों वाले गैंग का पर्दाफाश किया है, जो ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से अवैध हथियार और गोला-बारूद मंगवा रहा था। पुलिस ने भारत-पाक सीमा क्षेत्र के नजदीक कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से दो 30 बोर पिस्टल मैगजीन सहित, एके-47 राइफल की दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस मामले में थाना खालरा में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साजिशों का खुलासा किया जा सके। जिला पुलिस इस पूरे मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकती है।
जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह गिरोह गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के निर्देशों पर काम कर रहा था और ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हथियारों की खेप मंगवाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने सीमा क्षेत्र में दबिश देकर तीन आरोपियों को काबू किया। उनकी पहचान सुखदेव सिंह उर्फ सुखा गिल निवासी तलवंडी मसंदां सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा निवासी ढलीरी और मान सिंह उर्फ माहना निवासी ढलीरी के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग के दो अन्य सदस्य—जोबनप्रीत सिंह उर्फ बिट्टू निवासी चीमा और आकाशदीप सिंह उर्फ कैमरा निवासी ढलीरी—फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन आपराधिक वारदातों में किया जाना था और संभावित निशाने कौन थे। फिलहाल गैंगस्टर प्रभ दासूवाल सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।