विजयपुरा (कर्नाटक)। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंकी कैप और हेलमेट पहनकर आए दो हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर स्टाफ को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सोने के गहने लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी गन लेकर दुकान में घुसे और कर्मचारियों को धमकाकर काउंटर से ज्वेलरी निकलवाने लगे। चेहरा ढका होने के कारण सीसीटीवी फुटेज में भी बदमाशों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई। फुटेज में दिख रहा है कि एक लुटेरा गहने समेट रहा था, जबकि दूसरा स्टाफ पर हथियार ताने खड़ा रहा।
इस दौरान दुकान के बाहर मौजूद एक महिला को भी आरोपियों ने गन प्वाइंट पर धमकाया। भय के चलते कर्मचारियों ने कोई विरोध नहीं किया और ज्वेलरी सेट बदमाशों को सौंप दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल चोरी गए गहनों की कीमत का आकलन किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है।