पंजाब। पंजाब में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। पिछले दो दिनों की तेज धूप के बाद राज्य के कई जिलों में तड़के गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर ठंडक बढ़ गई है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को सर्द मौसम का अहसास हुआ।
मौसम विभाग ने पहले ही 27 जनवरी को पूरे पंजाब में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, 28 से 30 जनवरी के बीच कुछ जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका है, जिसे लेकर भी येलो अलर्ट लागू रहेगा।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर और तेज हो सकता है।