कोटा। राजस्थान के कोचिंग हब कोटा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हरियाणा के सिरसा जिले के हिमायूं खेड़ा गांव निवासी छात्र सरताज सिंह ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सरताज पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर जेईई (इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा) की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर हुई। छात्र एक निजी हॉस्टल में रहता था और कोचिंग के साथ 12वीं कक्षा की पढ़ाई भी कर रहा था। सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। छात्र के पिता कुलदीप सिंह किसान हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।