हिसार। हिसार स्थित ओपी जिंदल ज्ञान केंद्र परिसर में बने जिंदल टॉवर पर वायरल हुए खतरनाक स्टंट वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। अब टॉवर के टॉप फ्लोर पर जाने वाले पर्यटकों को केवल मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। बैग, खाने-पीने का सामान और अन्य कोई भी वस्तु ऊपर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सुरक्षा नियमों के तहत पर्यटकों को अपना बैग और अन्य सामान नीचे तैनात सुरक्षाकर्मियों के पास जमा कराना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही लिफ्ट, सीढ़ियों और टॉवर के टॉप फ्लोर पर अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं।
करीब 282 फीट ऊंचा जिंदल टॉवर हिसार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यह प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है। घटना के बाद प्रशासन और प्रबंधन ने सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
बुधवार को मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि टॉवर के पास पहुंचते ही सुरक्षाकर्मी पर्यटकों को कतार में खड़ा कर स्पष्ट निर्देश दे रहे थे कि कोई भी व्यक्ति बैग या अन्य सामान ऊपर नहीं ले जाएगा। सभी पर्यटकों ने सामान नीचे जमा कराया और लिफ्ट के माध्यम से ऊपरी फ्लोर तक पहुंचाए गए, जहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात मिला।
स्टंट वाली जगह सील, ग्रिल पर कराई गई वेल्डिंग
जिस स्थान से स्टंट करने वाला युवक बाहर निकला था, वहां अब ग्रिल पर वेल्डिंग कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साथ ही ओपी जिंदल ज्ञान केंद्र, टिकट काउंटर और लिफ्ट के पास नोटिस भी लगाए गए हैं, जिनमें साफ तौर पर लिखा है कि टॉवर के ऊपर बैग और खाने-पीने का सामान ले जाना सख्त मना है।
स्टंट करने वाले युवक का दावा
राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी मोनू शर्मा ने दावा किया है कि उसने वर्ष 2023 में पहली बार जिंदल टॉवर देखने के बाद यहां स्टंट करने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने लंबे समय तक अभ्यास किया और टॉवर की अलग-अलग एंगल से फोटो खींचकर पूरी प्लानिंग की। दूसरे प्रयास में वह सफल रहा और 19 जनवरी को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।