नई दिल्ली | कमोडिटी बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों ने जोरदार छलांग लगाई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 10 ग्राम सोना 7,836 रुपये यानी 4.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,73,601 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करता नजर आया। सोने की कीमतों में आई इस बढ़ोतरी ने अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
चांदी की बात करें तो इसमें भी मजबूत तेजी दर्ज की गई। MCX पर चांदी 19,210 रुपये या 4.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,05,121 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जिससे यह पहली बार 4 लाख रुपये के आंकड़े के पार निकल गई।
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, डॉलर में कमजोरी और सुरक्षित निवेश विकल्पों की बढ़ती मांग के कारण कीमती धातुओं की कीमतों में यह उछाल आया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता के माहौल में निवेशक सोने और चांदी को सुरक्षित ठिकाने के रूप में देख रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों, ब्याज दरों को लेकर निवेशकों की धारणा और घरेलू मांग के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों में कीमती धातुओं की कीमतों को मजबूत समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है।