Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिले के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों सर्दियों का मौसम चल रहा है, और इसी दौरान अवैध वन माफिया सक्रिय हो गए हैं। ये माफिया कीमती देवदार के पेड़ों को काटकर उन्हें वनों से बाहर ले जाने की कोशिश करते हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए वन मंडल चंबा ने विशेष निगरानी के लिए टीम गठित की है।
यह टीम रात के अँधेरे में भी अवैध कटान पर नजर रखेगी और वन माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।चंबा वन मंडल के मसरूड रेंज के छतरी ब्लॉक में हर साल सर्दियों के दौरान ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस बार कोई भी छूट नहीं दी जाएगी और अवैध कटान करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वन मंडल अधिकारी चंबा, कृतज्ञ ठाकुर ने बताया कि सर्दियों में अवैध कटान की घटनाओं में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा, “हमने विशेष टीम बनाई है जो लगातार निगरानी रख रही है। अगर कोई अवैध कटान करता पाया गया, तो उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।”वन विभाग की यह पहल वनों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम है और स्थानीय प्रशासन भी इस कार्रवाई में सहयोग कर रहा है।