नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना सभी का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर देश को बदनाम करना उचित नहीं है।
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एलन मस्क द्वारा साझा की गई एक पोस्ट को री-शेयर किया। इस पोस्ट में भारत की संभावित आर्थिक वृद्धि को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आंकड़ों का हवाला दिया गया था। रिजिजू ने इसे साझा करते हुए राहुल गांधी को अप्रत्यक्ष रूप से निशाने पर लिया।
उन्होंने लिखा, “सरकार की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत को बदनाम न करें और देश की उपलब्धियों को कमतर न आंकें। एक गर्वित भारतीय बनें।”
रिजिजू ने आगे कहा कि वह आमतौर पर विदेशी नागरिकों के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते, लेकिन एलन मस्क की पोस्ट का हवाला इसलिए दिया गया ताकि राहुल गांधी को यह समझाया जा सके कि आलोचना और नकारात्मकता में फर्क होता है।
क्या थी एलन मस्क की पोस्ट
एलन मस्क ने ‘वर्ल्ड ऑफ स्टैटिस्टिक्स’ की एक पोस्ट को साझा किया था, जिसमें IMF के आंकड़ों के आधार पर 2026 में विभिन्न देशों की GDP ग्रोथ का अनुमान दिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 17 प्रतिशत रह सकती है। वहीं चीन की ग्रोथ 26.6 प्रतिशत और अमेरिका की 9.9 प्रतिशत आंकी गई है।
बजट टिप्पणी से जुड़ा मामला
किरन रिजिजू का यह बयान राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय बजट पर की गई टिप्पणी के बाद आया है। राहुल गांधी ने बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, गिरती मैन्युफैक्चरिंग और घटती घरेलू बचत जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है।
रिजिजू ने राहुल गांधी के इन बयानों को देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताते हुए संयम बरतने की सलाह दी है।