नई दिल्ली | पिछले 72 घंटों में सोने और चांदी के दामों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। सर्राफा बाजार और वैश्विक वायदा बाजार दोनों में कीमती धातुओं की कीमतें तेज़ी से नीचे आई हैं।
सर्राफा बाजार के आंकड़ों के अनुसार, चांदी के दाम लगभग 1,44,500 रुपये प्रति किलो घट गए हैं, जबकि 10 ग्राम 99.9% शुद्ध सोना अब 1,52,700 रुपये में बिक रहा है। बीते 29 जनवरी को चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1,83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर छुए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, अमेरिका की टैरिफ नीतियां, ईरान-अमेरिका संबंधों में सुधार और बजट में आयात शुल्क में कोई बदलाव न होने से यह गिरावट हुई है। इसके अलावा, निवेशकों द्वारा ऊंचे दामों पर की गई मुनाफावसूली ने भी कीमतें नीचे धकेली।
वैश्विक बाजार में सोना और चांदी दबाव में हैं। $4,781 प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहे सोने पर डॉलर की मजबूती का असर साफ देखा जा रहा है। आने वाले अमेरिका के बेरोजगारी आंकड़े, फेडरल रिजर्व के बयानों और मध्य-पूर्व की भू-राजनीतिक स्थिति तय करेंगे कि कीमतों में स्थिरता आएगी या गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।
विशेषज्ञ निवेशकों को सलाह दे रहे हैं कि इस समय जल्दबाजी में सोना-चांदी खरीदने या बेचने से बचें और बाजार के रुझानों का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करें।