पंचकूला। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए सात आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना बताया जा रहा है।
हिसार के मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता को शहरी संपदा विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे मंडल आयुक्त, हिसार का कार्यभार भी संभालते रहेंगे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के महानिदेशक एवं सचिव अंशज सिंह को नागरिक उड्डयन सलाहकार एवं सचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वे यह जिम्मेदारी नरहरि सिंह बांगड़ के स्थान पर निभाएंगे। बांगड़ के संबंध में आगे के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। कार्यभार मुक्त होने के बाद वे मुख्य सचिव कार्यालय में अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम को हरियाणा मिनरल्स लिमिटेड, नई दिल्ली का भी प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वे दोनों पदों की जिम्मेदारी एक साथ निभाएंगे।
जिला नगर आयुक्त, अंबाला एवं नगर निगम, अंबाला के आयुक्त वीरेंद्र लाठर को शिकायत निवारण विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वे अपने वर्तमान पदों पर भी बने रहेंगे।
रोहतक के उपायुक्त सचिन गुप्ता को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में अतिरिक्त सचिव तथा एचएसएमआईटीसी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वे रोहतक के उपायुक्त के रूप में भी कार्य करते रहेंगे।
कैथल की उपायुक्त अपराजिता को सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग का अतिरिक्त सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। वे अपने जिले की उपायुक्त के पद पर भी यथावत रहेंगी।
सरकार द्वारा किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक मजबूती और विभागीय समन्वय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।