खरखौदा। सोनीपत में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण की इंफोर्समेंट टीम ने खरखौदा क्षेत्र के नाहरी और कतलुपुर गांवों में करीब 18 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी काटने वालों और अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि खरखौदा शहर के आसपास लगातार हो रही कार्रवाई के चलते अब कॉलोनी काटने वाले दूर-दराज के गांवों में जमीन पर प्लॉटिंग कर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाए।
कार्रवाई जिला नगर योजनाकार कार्यालय और SMDA की टीम द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं कार्यकारी अभियंता आलोक सिंह की अगुवाई में की गई। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
टीम ने नाहरी गांव के पास करीब 5 एकड़ में विकसित हो रही कॉलोनी में 90 डीपीसी उखाड़ने के साथ-साथ 3 चारदीवारी गिरा दीं। इसके बाद दूसरी जगह पर 5 एकड़ की कॉलोनी में 50 डीपीसी, 10 चारदीवारी, एक अवैध मकान, कच्चे रास्ते और 120 मीटर लंबी ईंटों से बनी 2 गलियों को तोड़ दिया गया।
इसके अलावा नाहरी में ही डेढ़ एकड़ की कॉलोनी में एक मकान और 60 मीटर चारदीवारी गिराई गई। वहीं, कतलुपुर गांव में साढ़े छह एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में 40 डीपीसी और 15 चारदीवारी ध्वस्त की गईं।
सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण की डीटीपी नीलम शर्मा ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।