नई दिल्ली। घरेलू सर्राफा बाजार में आज कीमती धातुओं के भाव में अलग-अलग रुख देखने को मिला। पिछले कारोबारी सत्र की कमजोरी के बाद सोने की कीमतों में आज तेज उछाल दर्ज किया गया, जबकि चांदी के दाम में गिरावट जारी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कल सोने में हल्की सुस्ती रही थी, लेकिन आज सुबह बाजार की दिशा बदली नजर आई।
राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में करीब 2,200 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुद्धता के अनुसार 24 कैरेट सोना 1,58,700 रुपये, 22 कैरेट सोना 1,45,550 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,19,090 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। पिछले कारोबारी दिन 24 कैरेट सोना 1,56,539 रुपये पर बंद हुआ था।
वहीं चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज चांदी करीब 7,500 रुपये सस्ती होकर 2,64,500 रुपये प्रति किलो पर आ गई। चांदी के भाव 2.70 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बने हुए हैं।
देश के प्रमुख महानगरों में भी सोने-चांदी के दामों में मामूली अंतर देखा गया। दिल्ली में सोना 1,58,930 रुपये और चांदी 2,89,900 रुपये प्रति किलो रही। मुंबई में सोना 1,58,780 रुपये और चांदी 2,89,900 रुपये के स्तर पर रही। चेन्नई में सोना 1,59,060 रुपये जबकि चांदी 2,99,900 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। लखनऊ में सोना 1,58,800 रुपये और चांदी 2,72,633 रुपये रही, जबकि पटना में 24 कैरेट सोना 1,58,940 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा।
जयपुर, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई अन्य शहरों में 24 कैरेट सोने का औसत भाव 1,58,790 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास दर्ज किया गया।