लुधियाना। जिले में लगातार बढ़ती लूटपाट की घटनाओं ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। ताजा मामला राहों रोड इलाके का है, जहां गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मी इकलाक अहमद को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 11 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना सुबह हुई, जब इकलाक अपने ऑटो नंबर PB10ES-8684 से गैस सिलेंडर डिलीवरी के बाद लौट रहा था। गुरु विहार क्षेत्र के पास Indian Oil पेट्रोल पंप के पास, पीछे से आए दो युवकों ने उसकी गाड़ी रोक दी। आरोपियों ने बहस और धक्का-मुक्की के बाद उसकी जेब से रकम निकाल ली और तेजी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है ताकि जल्द ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।
पीड़ित ने बताया कि 6 फरवरी को भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। उस समय भारत गैस एजेंसी के केशव गुप्ता को रास्ते में दो बदमाशों ने घेर लिया और गन प्वाइंट पर लूट कर फरार हो गए थे। स्थानीय लोगों ने पंजाब में बढ़ती लूट की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।