किन्नौर | किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को उपचार के लिए छोल्टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, टापरी से जानी की ओर जा रही कार संख्या एचपी 26 बी 8999 अचानक जानी संपर्क मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार कुल पांच लोगों में से चार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार, कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल, और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल शामिल हैं। घायलों में विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी भेजा गया। कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला दर्ज कर सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए सड़क पर सुरक्षा और यातायात निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।