नई दिल्ली। घरेलू कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने और चांदी के वायदा भाव में आज भी गिरावट दर्ज की गई। दोनों कीमती धातुएं कमजोरी के साथ खुलीं और शुरुआती कारोबार में दबाव बना रहा। खबर लिखे जाने तक सोना वायदा करीब 1,030 रुपये टूटकर 1,53,699 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी वायदा 921 रुपये की गिरावट के साथ लगभग 2,36,450 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड करती दिखाई दी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में नरमी का रुख देखने को मिला, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट सतर्क बना हुआ है। कॉमैक्स पर सोना 5,050 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 5,046.30 डॉलर प्रति औंस था। कारोबार के दौरान इसमें गिरावट दर्ज की गई और यह 63.60 डॉलर फिसलकर 4,982.70 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया। हालांकि इस वर्ष सोना 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छू चुका है।
चांदी की बात करें तो कॉमैक्स पर यह 77.55 डॉलर प्रति औंस पर खुली, जबकि पिछला क्लोजिंग प्राइस 77.96 डॉलर था। बाद में 2.01 डॉलर की गिरावट के साथ यह 75.95 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई। इस साल चांदी 121.79 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और मुनाफावसूली के चलते फिलहाल सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।