नूरपुर, संजीव-:नूरपुर पुलिस जिला के तहत एक युवक का शव झील में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। रजवाल गांव के 23 वर्षीय सतीश कुमार, जो 11 फरवरी से लापता था, उसका शव मंगलवार को स्थाना के पास झील में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
11 फरवरी से लापता 23 वर्षीय युवक का मिला शव
जानकारी के अनुसार सतीश कुमार अपने पिता के साथ टैरेस स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। 11 फरवरी की सुबह वह रोज की तरह घर से काम के लिए निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश करने पर उसका मोटरसाइकिल, लंच बॉक्स और चाबी संदिग्ध हालत में मिली, जिसके बाद चिंता और बढ़ गई।परिजनों ने पुलिस चौकी टैरेस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस के साथ स्थानीय समाजसेवी रमेश दत्त कालिया और उनकी टीम—नूर मोहम्मद, सोनू अली सहित अन्य लोग—झील में लगातार युवक की तलाश कर रहे थे। मंगलवार को स्थाना क्षेत्र के पास झील में शव तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि गुमशुदा युवक का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।