शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि वर्षा अधिक तीव्र नहीं होगी और ज्यादातर स्थानों पर मौसम सामान्य बना रह सकता है।मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि यह सिस्टम अल्पकालिक रहेगा और कल से प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि 23 फरवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में दोबारा बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन सकती है।मौसम विभाग ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बर्फबारी की संभावना है।